Friday , 2 May 2025

BBMB पानी विवाद: कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी का आरोप – “AAP की ओछी राजनीति से हरियाणा का पानी रोका गया”

चंडीगढ़, 1 मई 2025: भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) को लेकर पंजाब और हरियाणा के बीच पानी की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। हरियाणा की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह “AAP की ओछी और निंदनीय राजनीति” का उदाहरण है।

श्रुति चौधरी ने कहा कि पंजाब ने हरियाणा का पीने का पानी रोककर ना केवल भरोसे को तोड़ा बल्कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दिए गए आश्वासन से भी मुकर गए। उन्होंने कहा कि “इस प्रकार की राजनीति, जहां मुख्यमंत्री अपने पद की मर्यादा तक भूल जाएं, वह शर्मनाक है।”

केजरीवाल पर भी बरसीं मंत्री

मंत्री ने अरविंद केजरीवाल के पुराने बयान की याद दिलाते हुए कहा कि “जब दिल्ली में चुनाव थे तब केजरीवाल ने कहा था कि हरियाणा पानी में ज़हर मिला रहा है – यह बयान बिल्कुल बेबुनियाद और दुर्भावनापूर्ण था।” उन्होंने कहा कि यह बताता है कि कैसे AAP राजनीतिक फायदे के लिए जनता की ज़िंदगी से खिलवाड़ करती है।

BBMB की भूमिका को किया स्पष्ट

श्रुति चौधरी ने स्पष्ट किया कि BBMB हर साल तय मात्रा में हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली को पानी सप्लाई करता है। यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। उन्होंने कहा कि “BBMB से पानी आज भी उसी वॉल्यूम में आता है जैसा पहले आता था, लेकिन AAP सरकार ने इसे राजनीतिक ड्रामा बना दिया है।”

“AAP कर रही है तमाशा, फोर्स और अफसरों को बदला गया”

मंत्री ने बताया कि BBMB में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और अधिकारियों को बदल दिया गया है – सिर्फ 7 दिन की देरी थी, लेकिन AAP ने इसे राजनीतिक मुद्दा बना दिया। उन्होंने कहा कि सिर्फ इसलिए कि आज दिल्ली में AAP की सरकार नहीं है, आम आदमी पार्टी ने हरियाणा और दिल्ली के नागरिकों को पानी संकट में डालने का नाटक किया है।

“लोगों का भारी नुकसान, AAP का ड्रामा अनएक्सेप्टेबल”

श्रुति चौधरी ने कहा, “लोगों को नुकसान पहुंचाकर, संस्थाओं को ठप करके, AAP सिर्फ अपनी हार छुपा रही है। ये ड्रामा अब ज्यादा दिन नहीं चलेगा।”

 

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *