चंडीगढ़, 5 जनवरी।चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में रविवार शाम को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग का धुआं तीसरी मंजिल से निकलता हुआ देखा गया। गनीमत यह रही कि रविवार का दिन था और कार्यालय में छुट्टी थी, जिससे जानी नुकसान नहीं हुआ।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
आग बुझाने में दमकल की 5 गाड़ियां लगीं
घटना शाम करीब 4:10 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सचिवालय भवन से अचानक धुआं उठता देख लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। पहले एक दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए और चार गाड़ियां बुलाई गईं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
महत्वपूर्ण दस्तावेज जलने की संभावना
अधिकारियों के मुताबिक, आग में सचिवालय के कुछ महत्वपूर्ण रिकॉर्ड के जलने की संभावना है। हालांकि, नुकसान की सटीक जानकारी फिलहाल नहीं मिल पाई है। चूंकि सोमवार को श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाशोत्सव होने के कारण सार्वजनिक अवकाश है, नुकसान का आकलन मंगलवार को ही हो सकेगा।
आग लगने का कारण अज्ञात
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। एहतियात के तौर पर एक दमकल वाहन को मौके पर तैनात किया गया है।
बड़ी त्रासदी टली
संडे और सार्वजनिक अवकाश के चलते सचिवालय में कर्मचारी मौजूद नहीं थे। अन्यथा, यह आग बड़ा हादसा बन सकती थी।
Pratham Tehelka Pratham Tehelka News
